आगरा। कमला नगर के बल्केश्वर में एक विशेष संप्रदाय के परिवार से परेशान होकर 40 घरों पर मकान बिकाऊ के पोस्टर लग गए हैं। लोगों का यह कहना है कि यह परिवार आए दिन झगड़ा करता है। इसके अलावा मांस खाकर घर के बाहर फेंक देता है। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत करने के बाद उनमें समझौता करा दिया है।
बल्केश्वर के मोहल्ला भगवान नगर में 40 हिंदू परिवारों के बीच में शहजाद अपने बेटे सनी और परिवार के साथ रहते हैं। लोगों का कहना है कि यह लोग धीरे-धीरे हिंदू आबादी को अपने मकान बेचने पर मजबूर करना चाहते हैं। इसलिए आए दिन हमें परेशान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सनी आए दिन मारपीट करता है। सोमवार को गोविंद प्रसाद गर्ग के घर में बड़ा आयोजन था। घर के बाहर टेंट लगा था। सनी ने गाड़ी निकालने को विवाद किया। फिर उनके घर में घुसकर मारपीट कर दी। बीच बचाव करने के लिए आसपास के लोग पहुंचे तो उनसे भी झगड़ा कर बैठा। इसके साथ ही महिलाओं के साथ भी अभद्रता की। लोगों को कहना है जब वह थाने गए तो सुनवाई नहीं हुई। जबकि इंस्पेक्टर का कहना है कि मामले में पीड़ित का मेडिकल कराकर मुकदमा दर्ज किया गया है। इधर गुस्साए लोगों ने अपने घर बेचने के पोस्टर लगा दिए। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा दिया। इंस्पेक्टर पवन सैनी का कहना है कि मौके पर शांति है। अब किसी तरीके का कोई विवाद नहीं है।











