आगरा। शास्त्रीपुरम क्षेत्र में युवती को रोककर उसके साथ जबरदस्ती करने और विरोध करने पर बेरहमी से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
युवती स्कूटी से जा रही थी, तभी आरोपी ओंकार ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपी ने युवती पर अपने साथ चलने का दबाव बनाया। युवती ने इसका विरोध किया और उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसकी स्कूटी से चाबी निकाल ली और मोबाइल भी छीन लिया, जिससे वह मौके से आसानी से निकल न सके। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसे सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा गया। हमले के दौरान चाकू से उसकी पीठ और गर्दन पर वार किए गए। अचानक हुए हमले में युवती घायल हो गई और मदद के लिए चीख-पुकार मचाने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देखकर आरोपी ओंकार अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गया। घायल युवती को बाद में इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद युवती के परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी ओंकार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। साथ ही आरोपी के साथी की भूमिका और घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार समेत अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। युवती पर हुए हमले के बाद क्षेत्र में भी घटना को लेकर चर्चा रही। पुलिस की कार्रवाई के बाद पीड़िता के परिजनों ने राहत की सांस ली है।











