आगरा। गांव-गांव, घर-घर लोगों को पोषण के प्रति जागरूक करने और सुपोषित बनाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण पखवाड़ा चलाया जा रहा है, जो चार अप्रैल तक चलेगा। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बाल विकास परियोजना एत्मादपुर के अंतर्गत गांव चावली में सोमवार को प्रभारी सीडीपीओ सुनीता जैन की अध्यक्षता में पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी रवि प्रकाश ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। गोष्ठी के अलावा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई तो वहीं बच्चों का अन्नप्राशन भी किया गया। एक बच्चे का जन्मदिन भी मनाया गया। स्वास्थ्य विभाग से डॉ. वरुण शर्मा, डॉ. अजीत और यूनीसेफ से मंडलीय समन्वयक ममता पाल ने गर्भवती महिलाओं के खानपान, बच्चों की देखरेख, टीकाकरण, वजन आदि के बारे में जानकारी दी।
प्रभारी सीडीपीओ सुनीता जैन ने कहा कि पोषण सेवाओं की जानकारी व मांग बढ़ाने के लिए पोषण पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर छह साल तक के बच्चों की वृद्धि निगरानी की जा रही है। वजन और लंबाई मापने के साथ-साथ लैंगिक संवेदनशीलता, जल प्रबंधन, जल संरक्षण में महिलाओं की भूमिका, वर्षा जल संचयन में समुदाय की सहभागिता, वर्षा जल संचयी संरचना का निर्माण करने के लिए भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही गर्भवती, धात्री माताओं और किशोरियों व बालिकाओं में एनीमिया की रोकथाम के लिए भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके लिए स्कूली बच्चों को एनीमिया की रोकथाम और प्रबंधन के लिए आयुष की महत्ता बताई जा रही है। मुख्य सेविका स्वर्णलता कुशवाहा ने कहा कि पोषण पखवाड़े के अंतर्गत महिलाओं और बच्चों को पारंपरिक भोजन को बढ़ावा देने के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न व्यंजन प्रतियोगिताएं आयोजित की गई है। जागरूकता ही लोगों को कुपोषण और बीमारियों से बचाती है। मुख्य सेविका सुमन चौधरी ने कहा कि गर्भधारण करने के समय से ही महिला को उचित पोषण मिलना चाहिए। जब यहां से शुरुआत होगी तो पूरा जीवन चक्र सुपोषित हो जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ग्राम प्रधान राजबहादुर, प्रभारी सीडीपीओ मुख्य सेविका सुनीता जैन, स्वर्णलता कुशवाहा, सुमन चौधरी, बीएमएम प्रियंका, राजेंद्र कुमार, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां विजय लक्ष्मी, उमा, राजदुलारी, रूबी चौहान, विमला, निर्मल चौहान, पुष्पा दीक्षा, अनीता शर्मा, जीत कुमारी, सरिता पुष्पा, गुड्डी आदि मौजूद रहे।











