आगरा। आगरा में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के संविधान बचाओ–लोकतंत्र बचाओ प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकने के दौरान पुलिस से उनकी नोकझोंक हो गई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को चांटे और लातें मारीं जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर मंगलवार को सपा की महिला और यूथ विंग के कार्यकर्ता संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक पर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर भी अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला तैयार कर उसे फूंकने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पुतला दहन रोकने की कोशिश की। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच पुतले को लेकर खींचतान शुरू हो गई। सपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुतला छीनने और प्रदर्शन रोकने के दौरान पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर लात मारने तक का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने एक सपा कार्यकर्ता की टांग में टांग अड़ा दी, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इस घटना के बाद प्रदर्शन स्थल पर मौजूद महिला कार्यकर्ता भी नाराज हो गईं। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए नारेबाजी तेज कर दी। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई नोकझोंक के बाद महिला कार्यकर्ताओं ने भी मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने सरकार की नीतियों और चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनका प्रदर्शन संविधान और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर है और वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे। प्रदर्शन के दौरान “संविधान बचाओ–लोकतंत्र बचाओ” जैसे नारों के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
दूसरी ओर विजयनगर में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर हुए कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बाद मंगलवार को सकल वैश्य समाज और क्षेत्रीय महिलाओं ने धार्मिक आयोजन किया। श्री राधा-कृष्ण मंदिर से मंगल कलश यात्रा निकाली गई। आवास पर गंगाजल का छिड़काव कर शुद्धिकरण किया गया और सुंदरकांड पाठ में ज्ञानेश कुमार के माता-पिता की कुशलता, स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की गई। कार्यक्रम संयोजक उपमा गुप्ता ने इसे सनातन परंपरा के माध्यम से विरोध जताने का तरीका बताया।











