इस्लामाबाद। पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की कैबिनेट के 30 सदस्यों ने आज शपथ ग्रहण कर लिया। राष्ट्रपति आरिफ अल्वी के शपथ दिलाने से इंकार करने के बाद सीनेट के स्पीकर सादिक संजरानी ने मंत्रियों को शपथ दिलाई। पाकिस्तान के इन मंत्रियों में जिसकी सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह हैं पूर्व विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार। अपनी खुबसूरती और फैशन की वजह से हिना रब्बानी खार पूरी दुनिया में जानी जाती हैं। हिना को विदेश राज्यमंत्री बनाया जा सकता है और माना जा रहा कि उनकी पार्टी पीपीपी के नेता बिलावल भुट्टो को विदेश मंत्री बनाया जाएगा। यह वही बिलावल हैं जिनके साथ हिना रब्बानी के इश्क की खबरें काफी आ रही थीं।
हिना रब्बानी खार पाकिस्तान की सबसे युवा विदेश मंत्री रह चुकी हैं। हिना फरवरी 2011 से लेकर मार्च 2013 तक पाकिस्तान के विदेश मंत्री का पदभार संभाल चुकी हैं। जब हिना ने यह पद संभाला था, वह मात्र 33 साल की थीं। वह विदेश मंत्री बनने वाली सबसे युवा और पहली महिला थीं। हिना के इसी अनुभव का फायदा उठाते हुए पाकिस्तान की नई सरकार ने उन्हें विदेश राज्यमंत्री बनाने का फैसला किया है। हिना रब्बानी को सुंदरता के साथ-साथ उनकी सूझबूझ के लिए भी जाना जाता है।
भारत और पाकिस्तान के बीच विदेश मंत्री स्तर की बातचीत के लिए जब हिना रब्बानी खार भारतीय राजधानी दिल्ली पहुंची तो पूरे भारत की नजरें उन पर टिक गई थीं। नीली सलवार कमीज हिना रब्बानी की खूबसूरती पर चार चांद लगा रहे थे। पाकिस्तान के विदेश मंत्री बनने को लेकर चर्चा में चल रहे बेनजीर भु्ट्टो के बेटे बिलावल भुट्टो के साथ हिना रब्बानी के इश्क की खबरें आ चुकी हैं। बांग्लादेशी टैब्लॉइड ब्लिट्ज ने कुछ साल पहले पश्मिची खुफिया एजेंसी की कथित रिपोर्ट के हवाले से बताया था कि पीपीपी के चेयरमैन बिलावल, हिना रब्बानी से शादी करने की जिद पर अड़ गए थे। इसकी वजह से बिलावल और उनके पिता जरदारी के बीच तनाव पैदा हो गया था। बिलावल से शादी करने के लिए हिना भी अपने अरबपति पति फिरोज गुलजार को तलाक देने के लिए तैयार थीं। वह अपनी दोनों बेटियों को भी छोड़ने को तैयार थीं। टैब्लॉइड का दावा था कि बिलावल भुट्टो और हिना रब्बानी के गुप्त रूप से चल रहे इस अफेयर के बारे में जरदारी को तब पता चला जब दोनों को प्रेजिडेंट के सरकारी आवास में आपत्तिजनक हालात में देखा गया।











