आगरा। अछनेरा पुलिस की देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश सहित उसके अन्य दो साथियों को भी पकड़ लिया।
एसीपी गौरव सिंह ने बताया कि पांच मार्च को अछनेरा में दो महिलाओं से लूट की वारदात की गई थी। पुलिस बदमाशों का सुराग लगाने में जुटी हुई थी। देर रात पीतांबरा कोल्ड स्टोरेज के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। पुलिस को देख तीन संदिग्ध लोगों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने दौड़कर उसके दो अन्य साथियों को भी पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्होंने महिला के साथ लूट की थी। यह बदमाश फरवरी में किरावली थाना क्षेत्र में हुई लूट में भी शामिल थे।











