आगरा। कमलानगर पुलिस ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को समय रहते गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए दोनों अभियुक्त मध्य प्रदेश के धार जिले के निवासी हैं, जो खुद को ताला सुधारने वाला बताकर लोगों का भरोसा जीतते और फिर मौका पाकर चोरी कर लेते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह शातिर शहर के अलग-अलग इलाकों में किराए पर मकान लेकर रहते थे और आसपास के घरों की पहले रेकी करते थे। इसके बाद दिन के समय ताला ठीक करने या देखने के बहाने घरों में प्रवेश कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। थाना कमला नगर पुलिस को इनकी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी के दौरान दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में उनके कब्जे से चोरी की एक एक्टिवा भी बरामद की गई, जिसे लेकर अभियुक्तों ने पूर्व में की गई चोरी की घटनाओं को कबूल किया है। थानाध्यक्ष योगेश नागर ने बताया पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों शातिर इससे पहले उत्तर प्रदेश के कई जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं और फिलहाल आगरा में एक बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस की सतर्कता के चलते उनकी योजना विफल हो गई। फिलहाल पुलिस दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है और उनसे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।











