आगरा। एत्मादपुर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी, गबन और जाली दस्तावेजों के जरिए जमीन हड़पने के मामले में वांछित आरोपी पूर्व सपा नेता को गिरफ्तार करके जेल भेजा है।
नीरज त्यागी पुत्र अशोक कुमार त्यागी निवासी अरदास का पुरा, थाना इरादतनगर की तहरीर पर वर्ष 2024 में पूर्व सपा नेता मनोज कुलश्रेष्ठ के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज आदि बनाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने षड्यंत्र रचकर जाली दस्तावेज तैयार किए और उन्हीं कागजातों के जरिए उसकी जमीन आशा देवी के नाम दर्ज करा दी। विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किए गए थे। एत्मादपुर थाना पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को तहसील भवन सदर से गिरफ्तार कर लिया।










