नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्र के नाम अपना लगातार 12वां संबोधन दिया। इस दौरान पीएम मोदी भगवा पगड़ी और भगवा रंग की सदरी पहने नजर आए। पीएम मोदी ने 103 मिनट लंबा संबोधन देश के नाम दिया।
बता दें पीएम मोदी लाल किले की प्राचीर से सबसे अधिक बार तिरंगा फहराने वाले तीसरे प्रधानमंत्री हैं। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कई बड़ी योजनाओं का भी एलान किया। पीएम ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना और जीएसटी रिफार्म का एलान किया है।
इस वर्ष का विषय ‘नया भारत’ है। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का भी जश्न मनाया जा रहा है। 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत की सैन्य प्रतिक्रिया, ऑपरेशन सिंदूर की योजना और क्रियान्वयन में शामिल वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सम्मानित किया गया।
घुसपैठिए मेरे देश के नौजवानों की रोजी रोटी छीन रहे हैं: PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा, मैं आज एक चिंता और चुनौती के संबंध में आगाह करना चाहता हूं। सोची समझी साजिश के तहत देश की डेमोग्रॉफी को बदला जा रहा है, एक नए संकट के बीज बोए जा रहे हैं। ये घुसपैठिए मेरे देश के नौजवानों की रोजी रोटी छीन रहे हैं, ये घुसपैठिए मेरे देश की बहन बेटियों को निशाना बना रहे हैं। ये बर्दाश्त नहीं होगा। ये घुसपैठिये भोले-भाले आदिवासियों को भ्रमित करके उनकी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। ये देश सहन नहीं करेगा। इसलिए जब डेमोग्रॉफी परिवर्तन होता है सीमा के क्षेत्र में ये होता है तो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए संकट पैदा होता है, सामाजिक तनाव के बीज बो देता है, कोई देश अपना देश घुसपैठियों के हवाले नहीं कर सकता है, तो हम भारत को कैसे कर सकते हैं, हमारे पूर्वजों ने त्याग और बलिदान से आजादी पाई है, उन महापुरुषों के लिए सच्ची श्रद्धा ये है कि हम घुसपैठियों को स्वीकार नहीं करें, उनको सच्ची श्रद्दांजलि होगी इसलिए मैं आज लाल किले की प्राचीर से कहना चाहता हूं कि हमने एक हाई पावर डेमोग्राफी कमिशन शुरू करने का निर्णय किया है, ये मिशन के द्वारा ये जो भीषण संकट नजर आ रहा है, उसको निपटाने के लिए तय समय में अपने कार्य को करेगा।
नक्सलवाद की जड़ों पर हमला किया, रेड कॉरीडोर बन रहे हैं ग्रीन कॉरिडोर
कभी देश के 125 जिलों में नक्सलवाद अपनी जड़े जमा चुका था। माओवाद की चंगुल में हमारे जनजातीय क्षेत्र हमारे जनजातीय नौजवान फंसे हुए थे और आज 125 जिलों में कम होते होते हम 20 पर ले आए हैं, उन जनजातीय समाज की सबसे बड़ी हमने सेवा की है, एक जमाना था जब बस्तर को याद करते ही माओवाद, नक्सलवाद, बम बंदूक की आवाज सुनाई देती थी, उसी बस्तर में माओवाद नक्सल से मुक्त होने के बाद बस्तर के नौजवान ओलंपिक करते हैं। हजारों नौजवान भारत माता की जय बोलकर खेल के मैदान में उतरते हैं जो क्षेत्र कभी रेड कॉरडोर के रूप में जाने जाते थे वो आज विकास की ग्रीन कॉरिडोर बन रहे हैं, भारत के जिन क्षेत्र को लाल रंग से रंग दिया था हमने वहां संविधान, कानून और विकास का तिरंगा फहरा दिया है।
आरएसएस दुनिया का सबसे बड़ा एनजीओ, बोले पीएम मोदी
आज गर्व के साथ मैं इस बात का जिक्र करना चाहता हूं, आज से 100 साल पहले एक संगठन का जन्म हुआ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, 100 साल की राष्ट्र की सेवा एक बहुत ही गौरवपूर्ण पृष्ट है। व्यक्ति निर्माता से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को लेकर 100 साल मां भारती के कल्याण का लक्ष्य लेकर मातृभूमि के लिए अपना जीवन समर्पित किया, सेवा, समर्पण संगठन और अप्रतिम अनुशासन जिसकी पहचान रही है ऐसा आरएसएस दुनिया का सबसे बड़ा एनजीओ है।
जो तपा है, उसने ही इतिहास रचा है, बोले PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि परिश्रम में जो तपा है, उसने ही तो इतिहास रचा है, उसने फौलादी चट्टानों को तोड़ा है उसने ही समय को मोड़ा है और समय को मोड़ देने का भी यही समय है, सही समय है। हम परिश्रम की पराकाष्ठा करेंगे।
सुदर्शन चक्र मिशन लॉन्च करेंगे, बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि देश सुदर्शन चक्र मिशन लॉन्च करने जा रहा है। ये सुदर्शन चक्र पावरफुल वेपन सिस्टम होगा, जो दुश्मन के हमले को ध्वस्त तो करेगा ही लेकिन साथ ही कई गुना ज्यादा दुश्मन पर हिटबैक भी करेगा। हम सुदर्शन चक्र मिशन को अगले दस साल में प्रखरता से आगे बढ़ाएंगे। इसके तहत 2035 तक देश के सभी महत्वपूर्ण स्थलों को इस राष्ट्रीय सुरक्षा कवच से कवर किया जाएगा. इस सुरक्षा का कवच लगातार विस्तार होता जाएगा. देश का हर नागरिक सुरक्षित महूसस करे। इसके लिए मैं 2035 तक इस राष्ट्रीय सुरक्षा कवच का विस्तार देना चाहता हूं इसलिए श्रीकृष्ण से प्रेरणा पाकर हमने सुदर्शन चक्र की राह को चुना है।
लाल किले की प्राचीर से PM मोदी के दो बड़े ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से दो बड़े ऐलान किए। पीएम मोदी ने कहा कि इस दीवाली सरकार जीएसटी रिफॉर्म लेकर आ रही है। इससे लोगों को टैक्स से राहत मिलेगी। इसके साथ ही आज से पीएम मोदी ने देशभर में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना लागू करने का ऐलान किया। इस योजना के तहत प्राइवेट सेक्टर में पहली नौकरी पाने वालों को सरकार की तरफ से 15000 रुपये दिए जाएंगे। उन कंपनियों को भी सरकार प्रोत्साहित करेगी। इस योजना से देश के 3.5 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों का सृजन होगा।
‘किसानों, मछुआरों और कामगारों के हित में मोदी दीवार खड़ी है’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में कहा कि किसानों की मेहनत रंग ला रही हैं। उत्तम और उन्नत खाद, पानी, बीज उपलब्ध है। हम दुनिया के दूसरे सबसे बड़े मछली और सब्जी उत्पादक हैं। हमारे उत्पाद दुनिया के बाजार में छाए हैं. किसानों को फसल बीमा का भरोसा है। पीएम धन-धन्य कृषि योजना जिनमें देश के 100 एस्पिरेशन जिले होंगें, वहां किसानों को मदद मिलेगी. मोदी दीवार किसानों, मछुआरों और कामगार नागरिकों के हित में तनकर खड़ी है। सरकार फाइलों में नहीं देश के नागरिकों की लाइफ में चलनी चाहिए. सरकार की योजनाएं तो पहले भी आती थीं। हमने उनको जमीन पर उतारा है. हमने लोगों का विश्वास जगाया। आयुष्मान भारत योजना ने बीमारियों और स्वस्थ जीवन के भरोसे से जीना सिखाया है। पीएम स्वनिधि योजना बदलाव की धारा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही हैं।
लोगों की लाइफ में सरकार होनी चाहिए, बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि गरीबी क्या होती है, मैं जानता हूं। इसलिए मेरी कोशिश रही है कि सरकार फाइलों में नहीं होनी चाहिए। सरकार देश के नागरिकों की लाइफ में होनी चाहिए. उनके लिए सकारात्मक रूप से सरकार एक्टिव हो। इस दिशा में हम निरंतर प्रयास कर रहे हैं। समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति के लिए हम योजनाओं को जमीन पर उतार रहे हैं। आज पीएम आवास योजना से चार करोड़ गरीबों को घर दिया गया है। ये सिर्फ चार दीवारें नहीं हैं, उनके सपने हैं. पीएम सुनिधि योजना से रेहड़ी-पटरी वालों को लाभ मिला है। आज वे भी यूपीआई से पैसे लेते और देते हैं। लोगों की लाइफ में सरकार होनी चाहिए. उसी से जमीन से जुड़ी योजनाएं बनती है और जब जमीन से जुड़ी हुई योजना आती है तो वह जीवन में बदलाव लाने का सशक्त माध्यम बन जाती है।
विकसित भारत रोजगार योजना आज से देशभर में लागू
पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में कहा कि देश के नौजवानों के लिए बड़ी खबर है। आज 15 अगस्त के दिन मेरे देश के युवाओं के लिए एक लाख करोड़ की योजना शुरू कर रहे हैं। आज से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना लागू कर दी गई है। निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले लड़के और लड़कियों को 15 हजार रुपये सरकार की तरफ से दिए जाएंगे। इससे 3.5 करोड़ युवाओं को रोजगार मिलेगा।
मैं दिवाली पर आपको डबल तोहफा दूंगा, बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि हमें नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म के लिए टास्क फोर्स बनाने का फैसला किया है। हमारा मकसद अब हर तरह का सुधार है। इस दिवाली में आपकी डबल दिवाली करने वाला हूं। बड़ा तोहफा देशवासियों को मिलने वाला है। समय की मांग है कि जीएसटी की दरों की समीक्षा हो। हम नई जेनरेशन का जीएसटी रिफॉर्म लेकर आ रहे हैं। सामान्य लोगों के लिए टैक्स कम होगा। जीएसटी की दरें भारी मात्रा में कम होंगी।











